कोरबा‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज कोरबा जिले के सुदूर ग्राम लेमरू पहुंचे, जहां उन्होंने आत्मनिर्भर महिला उद्यमी एवं लखपति दीदी श्रीमती मंजू यादव से मुलाकात कर उनके चाट-गुपचुप ठेले पर पहुंचकर गुपचुप का स्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने उनकी मेहनत और आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए 30 हजार रुपये का प्रोत्साहन चेक भी प्रदान किया।

मुख्यमंत्री श्री साय के आगमन पर श्रीमती मंजू यादव ने आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे उनके ठेले तक पहुंचे और परसा के पत्तों से बने दोने में परोसे गए गुपचुप का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने गुपचुप के स्वाद की तारीफ करते हुए व्यवसाय से जुड़ी जानकारी भी ली।
चर्चा के दौरान श्रीमती मंजू यादव ने बताया कि वे गुपचुप सहित सभी सामग्री घर पर स्वयं तैयार करती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ठेले के साथ-साथ वे कैटरिंग प्लेट का कार्य भी करती हैं, जिससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 20 हजार रुपये तक की आय हो जाती है।
मुख्यमंत्री ने उनके परिवार और पति के सहयोग के बारे में भी जानकारी ली। श्रीमती यादव ने बताया कि उनके पति धनपत यादव व्यवसाय में पूरा सहयोग करते हैं। मुख्यमंत्री ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए आगे भी इसी तरह आत्मनिर्भर बनकर कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी,उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
