झोराघाट में नहाते समय युवक डूबा

पिकनिक मनाने गया था परिवार, इकलौते बेटे के निधन से पसरा मातम

कोरबा। कटघोरा क्षेत्र के झोराघाट में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक परिवार के साथ पिकनिक मनाने गया था, जहां नहाने के दौरान वह गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार कटघोरा मेन रोड निवासी अलाउद्दीन पिता ताजुद्दीन अपने परिवार के साथ झोराघाट घूमने पहुंचे थे। पिकनिक के दौरान अलाउद्दीन नदी में नहाने उतरा, तभी वह अचानक गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक तलाश के बाद उसे बाहर निकाला जा सका।

परिजन युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अलाउद्दीन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

गौरतलब है कि झोराघाट क्षेत्र में पहले भी डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। नदी में गहरे गड्ढों और तेज बहाव के कारण यहां हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। प्रशासन ने लोगों से पिकनिक के दौरान सतर्क रहने और गहरे पानी में नहीं उतरने की अपील की है।