रामनारायण सोनी बने एफसीआई राज्य स्तरीय समिति के सदस्य

भाजपा के प्रति तीन दशक की निष्ठा को मिला सम्मान

कोरबा। भारतीय खाद्य निगम (FCI) छत्तीसगढ़ राज्य परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने समिति के नवनियुक्त सदस्यों की घोषणा कर दी है। इस महत्वपूर्ण समिति में कोरबा जिले से नगर निगम के प्रथम सभापति एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रामनारायण सोनी को सदस्य नियुक्त किया गया है।

रामनारायण सोनी की नियुक्ति को उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण का सम्मान माना जा रहा है। वे नगर निगम कोरबा के प्रथम सभापति रह चुके हैं और पिछले तीन दशकों से भारतीय जनता पार्टी को क्षेत्र में मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनकी नियुक्ति से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।

समिति की घोषणा करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा समिति के सदस्य अपने अनुभव और सामूहिक प्रयासों से प्रदेश के विकास तथा किसानों के हित में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

राज्य स्तरीय समिति में प्रदेश के विभिन्न जिलों से कई अनुभवी नेताओं को भी शामिल किया गया है।इनमें संतोष बाफना(जगदलपुर),मेजर अनिल सिंह(अंबिकापुर),पवन साहू (बालोद),हलधर साहू (कांकेर),रामकृपाल साहू (सूरजपुर), कमलेश ठोकने (धमतरी), चैनसुख भट्टर (दुर्ग), प्रेम आर्य (मुंगेली), बलराम तिवारी (अभनपुर), अब्दुल गफ्फार मेमन (गरियाबंद), सुरेंद्र पाटनी एवं श्याम सुंदर अग्रवाल (रायपुर), तथा अनिल केशरवानी (मनेंद्रगढ़-चिरमिरी) प्रमुख रूप से शामिल हैं।