एसईसीएल गेवरा खदान में सुरक्षा में सेंध,अवैध प्रवेश करते 12 लोग पकड़े गए

सीआईएसएफ की औचक निरीक्षण में कार्रवाई, सभी को दीपका पुलिस के सुपुर्द किया गया

कोरबा। एसईसीएल गेवरा कोयला खदान में सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने का मामला सामने आया है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने खदान परिसर में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले 12 लोगों को पकड़कर दीपका थाना पुलिस के हवाले कर दिया है। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार निरीक्षक श्रद्धा देवांगन माहेश्वरी के नेतृत्व में सीआईएसएफ टीम ने गेवरा खदान क्षेत्र में औचक जांच अभियान चलाया। यह अभियान बी-2, ओल्ड दीपका और क्यू-कोल स्टॉक क्षेत्र में केंद्रित था। जांच के दौरान 12 व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में खदान परिसर में घूमते पाए गए।

पूछताछ के दौरान कोई भी व्यक्ति खदान क्षेत्र में प्रवेश के लिए वैध पास या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। सुरक्षा मानकों के अनुसार बिना अनुमति खुले मुहाने वाली कोयला खदान में प्रवेश गंभीर उल्लंघन माना जाता है, क्योंकि इससे दुर्घटना और कोयला चोरी जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

सीआईएसएफ ने सभी को हिरासत में लेकर दीपका थाना पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी प्रेमचंद्र साहू ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उनके खदान क्षेत्र में प्रवेश के उद्देश्य की जांच की जा रही है।

पकड़े गए लोगों में जय प्रकाश कुमार, उत्कर्ष कुमार, पंकज त्रिपाठी, अमृत लाल यादव, मोहन गुप्ता, योगेंद्र साह, विनय पाटले, प्रवीण पटेल, महेश कुमार, विनोद कुमार, रवींद्र नाथ तिवारी, शेषनाथ कुमार और राज कुमार शामिल हैं।

घटना के बाद एसईसीएल गेवरा प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। सीआईएसएफ द्वारा गश्त, औचक निरीक्षण और सीसीटीवी निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही ग्रामीणों से बिना अनुमति खदान क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की अपील की गई है।