रायपुर जाते समय हादसा, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
कोरबा। कोरबा से रायपुर जा रही एक कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय कार में डॉ. विवेक रंजन महतो सहित तीन लोग सवार थे। समय रहते धुआं उठता देख सभी ने तत्परता दिखाते हुए वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और धू-धू कर जलने लगी।
जानकारी के अनुसार हादसा उस वक्त हुआ जब कार रायपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल कार को सड़क किनारे रोका। धुआं तेजी से बढ़ने पर कार में सवार सभी लोग तुरंत बाहर निकल आए।
देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही हसदेव थर्मल पावर प्लांट की दमकल टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
घटना के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर दर्री पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए आवागमन सामान्य कराया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
