सुशासन शिविर में ई-बाइक से पहुंचे निगम आयुक्त, लोगों से नवीकरणीय ऊर्जा अपनाने की अपील
कोरबा। मिडिल ईस्ट संकट के बीच देश में ईंधन बचत को लेकर सरकार की अपील का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। कोरबा नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने ई-स्कूटी अपनाकर ईंधन संरक्षण और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग का संदेश दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील के बाद कोरबा में अधिकारियों ने भी इस दिशा में पहल शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त श्री पांडेय सुशासन शिविर के दौरान ई-बाइक से जोन कार्यालय पहुंचे, जहां उनका स्वागत कोसाबाड़ी वार्ड के पार्षद अशोक चावलानी एवं अन्य लोगों ने किया।
इस अवसर पर आयुक्त ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में ईंधन की बचत समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों तथा अन्य नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं। ई-वाहनों का उपयोग न केवल ईंधन की बचत करेगा, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी सहायक होगा। निगम प्रशासन भी जागरूकता बढ़ाने के लिए आगे काम करेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
