रक्तचाप और मधुमेह की होगी नि:शुल्क जांच, योग-प्राणायाम का मिलेगा प्रशिक्षण
कोरबा। विश्व हाइपरटेंशन डे के अवसर पर “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत 17 मई को आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, भारत विकास परिषद, नीमा एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
शिविर का आयोजन पतंजलि चिकित्सालय स्थित श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। शिविर में उच्च रक्तचाप और मधुमेह से संबंधित रोगों की नि:शुल्क जांच एवं उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को हाइपरटेंशन के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे समय रहते सावधानी बरतकर गंभीर बीमारियों से बच सकें। उन्होंने कहा कि उच्च रक्तचाप का सीधा संबंध हृदय और शरीर में पित्त की वृद्धि से होता है। इसे नियंत्रित करने के लिए शिविर में हृदय को मजबूती देने एवं पित्त शमन हेतु “शीतसुधा शरबत” नि:शुल्क पिलाया जाएगा।
शिविर में ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच के साथ-साथ रोग नियंत्रण के लिए आयुर्वेदिक औषधियां भी नि:शुल्क वितरित की जाएंगी। इसके अलावा उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित मरीजों को उपयोगी योगाभ्यास एवं प्राणायाम का व्यक्तिगत प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
डॉ. शर्मा ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
