पुलिस और आम जनता के बीच बढ़ा समन्वय, सूचना तंत्र मजबूत होने से जांच में मिल रही सहूलियत
कोरबा। जिले में अपराध नियंत्रण और बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग और बीट सिस्टम को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास भी मजबूत हुआ है।
जानकारी के अनुसार जिले में बीट सिस्टम पहले से लागू था, लेकिन अब इसे और व्यवस्थित तथा परिणाममुखी बनाया गया है। थाना और चौकी प्रभारियों के निर्देशन में क्षेत्रवार पुलिस कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अंतर्गत प्रमुख स्थानों, संवेदनशील इलाकों और महत्वपूर्ण व्यक्तियों का डाटाबेस तैयार किया जा रहा है।
पुलिस का मानना है कि जागरूकता और जनसहभागिता से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
इसी उद्देश्य से स्थानीय लोगों से नियमित संपर्क बनाए रखने और पारदर्शिता के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब आम नागरिकों को भरोसा होता है कि उनकी जानकारी गोपनीय और उपयोगी तरीके से ली जाएगी, तब वे अपेक्षा से अधिक सहयोग करते हैं।
बीट सिस्टम के माध्यम से विभिन्न घटनाओं से जुड़ी सूचनाएं समय रहते पुलिस तक पहुंच रही हैं, जिससे जांच और कार्रवाई में तेजी आई है।
पुलिस का कहना है कि बदलते समय के साथ कार्यप्रणाली में व्यवहारिकता जरूरी हो गई है और सामुदायिक पुलिसिंग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

