प्रगति नगर दुर्गा पंडाल से सीलिंग फैन और लाइट चोरी,थाने में शिकायत दर्ज

कोरबा। दीपका क्षेत्र के प्रगति नगर स्थित सार्वजनिक दुर्गा पंडाल से सीलिंग फैन और लाइट चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पंडाल समिति में नाराजगी व्याप्त है। मामले की लिखित शिकायत दीपका थाना में दर्ज कराई गई है।

पंडाल समिति के प्रभारी रामकुमार कौशिक ने पुलिस को बताया कि लगभग 15 दिन पूर्व दुर्गा पंडाल में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसके लिए नए सीलिंग फैन और लाइट लगाए गए थे। गुरुवार 14 मई को जब पंडाल को वेल्डिंग कार्य के लिए खोला गया, तब वहां लगे सभी 10 सीलिंग फैन और लाइट गायब मिले।

समिति को आशंका है कि अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से पंडाल में रखे सामान की चोरी की है। घटना की जानकारी एसईसीएल सुरक्षा विभाग, यूनियन प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को भी दे दी गई है।

पंडाल समिति ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।