खेल व्यक्तित्व विकास के साथ राष्ट्र निर्माण का भी मजबूत माध्यम: लखनलाल

राज्य स्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में कोरबा का दबदबा, 69 पदक जीतकर बना चैंपियन

कोरबा। छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 13वीं राज्य स्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता का सफल समापन कोरबा में हुआ। 10 से 12 मई 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 7 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में चिल्ड्रन, कैडेट एवं जूनियर वर्ग के अंतर्गत प्वाइंट फाइटिंग, लाइट कांटेक्ट, किक लाइट, म्यूजिकल फॉर्म्स एवं क्रिएटिव फॉर्म्स जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

प्रतियोगिता में कोरबा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 53 स्वर्ण, 12 रजत एवं 4 कांस्य सहित कुल 69 पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं रायपुर जिले ने 32 स्वर्ण, 33 रजत और 32 कांस्य पदकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। बिलासपुर जिला 30 स्वर्ण, 30 रजत और 15 कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा एवं महासचिव आकाश गुरुद्वान ने बताया कि चयनित जूनियर खिलाड़ी 30 मई से 3 जून तक भुवनेश्वर (उड़ीसा) में आयोजित वाको इंडिया राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। वहीं सब जूनियर खिलाड़ी 17 से 21 जून तक इंदौर (मध्यप्रदेश) में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में निर्णायक मंडल एवं वरिष्ठ खिलाड़ियों प्रभात साहू, मनीष बाग, रघुनाथ नायक, मयंक डडसेना, कुलदीप गुप्ता, भानु प्रताप साहू और मनोज कसेरा का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम में पूर्व महापौर जोगेश लांबा, क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा, जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष नौशाद खान सहित अनेक खेलप्रेमी उपस्थित रहे।