लेमरू में अस्थायी हेलीपैड निर्माण शुरू, जनजातीय क्षेत्र में प्रशासन ने तेज की तैयारियां
कोरबा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 1 मई से शुरू किया गया सुशासन तिहार प्रदेशभर में तेजी से जारी है। इस अभियान के तहत आम जनता की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।
इसी क्रम में कोरबा जिले के देवपहरी में 5 जून को सुशासन तिहार का भव्य समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं।
कोरबा जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित लेमरू क्षेत्र में प्रशासन द्वारा अस्थायी हेलीपैड का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। देवपहरी क्षेत्र जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र होने के साथ अपनी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक पहचान के लिए जाना जाता है। प्रशासन ने सुशासन तिहार के समापन के लिए इस क्षेत्र को विशेष रूप से चयनित किया है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में जिले के पांचों विकासखंडों में क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में ग्रामीणों से आवेदन लेकर समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हजारों हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा चुका है।
प्रशासन को उम्मीद है कि 5 जून तक हितग्राहियों की संख्या में और वृद्धि होगी तथा समापन कार्यक्रम के दौरान भी बड़ी संख्या में लोगों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
