17 मई को जिलेभर में स्वास्थ्य शिविर, हाई ब्लड प्रेशर और मधुमेह की होगी नि:शुल्क जांच
कोरबा। उच्च रक्तचाप के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 17 मई को जिलेभर में “विश्व उच्च रक्तचाप दिवस” मनाया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “कंट्रोलिंग हाइपरटेंशन टूगेदर” रखी गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रम और नि:शुल्क जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले के सभी विकासखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा शहरी एवं ग्रामीण उप स्वास्थ्य केंद्रों में उच्च रक्तचाप और मधुमेह की स्क्रीनिंग की जाएगी।
साथ ही लोगों को हाइपरटेंशन से बचाव एवं नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि उच्च रक्तचाप एक गंभीर लेकिन अक्सर बिना लक्षण वाली बीमारी है, जिसे “साइलेंट किलर” भी कहा जाता है। लंबे समय तक अनियंत्रित रहने पर यह हृदय रोग, स्ट्रोक, किडनी फेलियर और मानसिक समस्याओं का कारण बन सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार मोटापा, धूम्रपान, शराब सेवन, असंतुलित खान-पान, तनाव और शारीरिक गतिविधियों की कमी उच्च रक्तचाप के प्रमुख कारण हैं। अत्यधिक सिरदर्द, छाती में दर्द, धुंधला दिखाई देना, घबराहट, सांस फूलना और लगातार थकान इसके प्रमुख संकेत माने जाते हैं।
कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोग नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लें। जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में नि:शुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
