विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू, संविदा नियुक्ति हेतु आवेदन आमंत्रित

बाल रोग, एनेस्थीसिया, रेडियोलॉजी और सर्जन समेत कई पद रिक्त, डीएमएफ मद से होगी नियुक्ति

कोरबा। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों की कमी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने संविदा नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय कोरबा द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) मद के अंतर्गत रिक्त पदों की पूर्ति के लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

यह नियुक्तियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला, पाली, कटघोरा, पोड़ी-उपरोड़ा तथा रानी धनराज कुंवरदेवी यूसीएचसी कोरबा में चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की जाएंगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह संविदा नियुक्ति पूर्व निर्धारित रिक्त पदों के भरने तक ही मान्य रहेगी।

जारी सूचना के अनुसार बाल चिकित्सक, एनेस्थेटिस्ट एवं रेडियोलॉजिस्ट के दो-दो पद रिक्त हैं। वहीं एमडी मेडिसिन एवं शल्य चिकित्सक (सर्जन) के तीन-तीन पदों पर भर्ती की जाएगी।

इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र के साथ कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कोरबा में दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक उपस्थित होकर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने योग्य उम्मीदवारों से समय पर आवेदन करने की अपील की है।