ग्रामीणों को राशन कार्ड, जॉब कार्ड और कृषि सामग्री वितरित, जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं का लाभ लेने किया प्रेरित
कोरबा। सुशासन तिहार 2026 के तहत पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम पंचायत सिरमिना में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं एवं मांगों के आवेदन प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम उपस्थित रहे। उनके साथ जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर, उपाध्यक्ष प्रकाश चंद जाखड़, जिला पंचायत सदस्य विद्वान मरकाम, एसडीएम मनोज कुमार बंजारे, जनपद सीईओ जय प्रकाश डड़सेना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
क्लस्टर की 11 ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भी शिविर में भाग लिया।
शिविर में ग्रामीणों से कुल 796 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 143 आवेदनों का संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। शेष मामलों पर नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इस दौरान खाद्य विभाग द्वारा आठ हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड, पंचायत एवं मनरेगा विभाग की ओर से दस जॉब कार्ड वितरित किए गए। कृषि विभाग ने किसानों को पंप सेट, उद्यान विभाग ने सब्जी बीज तथा सहकारिता विभाग ने तीन हितग्राहियों को चेक प्रदान किए।
मुख्य अतिथि तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम ने कहा कि सुशासन तिहार ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
