अफवाहों पर न करें भरोसा, जिले में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक : कलेक्टर

कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती के निर्देश, प्रशासन ने लोगों से संयमित खरीदारी की अपील की

कोरबा। जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कुणाल दुदावत ने कहा है कि जिले में ईंधन और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

खाद्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में वर्तमान में 5,876 घरेलू गैस सिलेंडरों का बैलेंस स्टॉक उपलब्ध है।

साथ ही एलपीजी रिफिलिंग की प्रक्रिया भी सुचारू रूप से जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है।

इसी तरह पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर भी प्रशासन ने स्थिति संतोषजनक बताई है। जिले में संचालित 104 रिटेल आउटलेट्स पर वर्तमान में 913 केएल पेट्रोल और 1057 केएल डीजल उपलब्ध है, जो सामान्य दैनिक खपत के अनुसार पर्याप्त माना जा रहा है।

कुछ पेट्रोल पंप तकनीकी कारणों अथवा इंडेंट में देरी के चलते प्रभावित हुए हैं, जिनका समाधान संबंधित कंपनियों द्वारा किया जा रहा है।

कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी पेट्रोल पंपों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कहीं भी कालाबाजारी, जमाखोरी या अव्यवस्था पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासनिक अमले को भी हालात पर लगातार नजर रखने कहा गया है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन और गैस की खरीद करें तथा किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।