कोरबा। जिले के उरगा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरदा के पास भारतमाला परियोजना मार्ग पर बड़ा सुरक्षा खतरा सामने आया है। यहां हाईवे की रेलिंग काटकर बनाया गया अवैध शॉर्टकट रास्ता अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है।
हाल ही में इस खतरनाक कटिंग प्वाइंट पर एक कार अनियंत्रित होकर पलटते-पलटते बची। वाहन की हालत ऐसी हो गई कि उसे बांस के सहारे टिकाकर खड़ा करना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने भारतमाला हाईवे की सुरक्षा रेलिंग काटकर भारी वाहनों के लिए अवैध रास्ता बना दिया है। इसी रास्ते से 18 चक्का ट्रेलर और अन्य भारी वाहन गांव की ओर उतर रहे हैं। आरोप यह भी है कि वाहनों से खुलेआम अवैध वसूली की जा रही है। आखिर यह वसूली कौन कर रहा है और किसके संरक्षण में यह पूरा खेल चल रहा है, इसे लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है।
जर्जर पुल और खराब सड़क बनी बड़ी वजह
कोरबा से बिलासपुर की ओर जाने वाले वाहन चालक अब इसी अवैध शॉर्टकट का इस्तेमाल करने लगे हैं। इसकी बड़ी वजह उरगा क्षेत्र का जर्जर नदी पुल बताया जा रहा है, जो बीच से लगभग एक फीट तक धंस चुका है और उसका सपोर्ट भी क्षतिग्रस्त हो गया है। करीब सात महीने से लोग परेशानी झेल रहे हैं, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है।

वहीं पंतोरा-खिसोरा-बलौदा-सीपत मार्ग की हालत भी बेहद खराब है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, उड़ती कोल डस्ट और मवेशियों की मौजूदगी से आवागमन जोखिमभरा हो गया है।
कई स्थानों पर सड़क उखड़ चुकी है और जगह-जगह अदृश्य गड्ढों के कारण वाहन उछल रहे हैं। ऐसे में लोग भारतमाला मार्ग को बेहतर विकल्प मान रहे हैं।
अवैध कटिंग प्वाइंट बना हादसों का कारण
ग्राम तरदा के पास बना यह अवैध कटिंग प्वाइंट लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहा है। भारी वाहन अचानक हाईवे से नीचे उतरते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले भी उरगा पुलिस और पंचायत से की गई थी। एक बार रास्ता बंद कराया गया, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से अवैध आवागमन शुरू हो गया।
क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि भारतमाला मार्ग पर पहले भी अवैध वसूली और लूटमार जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
अब ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत देकर रेलिंग की स्थायी मरम्मत, अवैध रास्ते को पूरी तरह बंद करने और कथित वसूली करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
