कोरबा। जिले में शुक्रवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। काली घटाओं के साथ तेज आंधी-तूफान, बिजली की चमक और बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम के इस बदलाव का असर कोयला परिवहन पर भी पड़ा। पवन टाकीज से दुरपा रोड के पास कोयला लोडेड मालगाड़ी का तिरपाल तेज आंधी में उड़कर ओएचई तार और खंभे में फंस गया। तिरपाल फटने और तार में फंसने से शॉर्ट सर्किट का खतरा पैदा हो गया था।
मालगाड़ी के चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रेन रोक दी और उच्च अधिकारियों को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और फटे तिरपाल को हटाकर परिचालन सामान्य किया।
समय रहते चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह से आसमान में काले बादल छाए रहे। करीब 6 बजे तेज आंधी चली और बिजली कड़कने लगी। इसके बाद हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मौसम विभाग ने पहले ही आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया था।
किसानों में चिंता
बेमौसम बारिश और आंधी से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में तैयार सब्जी फसलों को नुकसान की आशंका है। कई जगह पेड़-पौधे और बिजली के खंभों में शॉर्ट सर्किट की घटनाएं सामने आईं। कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक इसी तरह के मौसम बने रहने की संभावना जताई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
