अप्पू गार्डन के पास तेज रफ्तार कार का कहर,एक्टिवा सवार युवतियों समेत तीन लोग हादसे का शिकार

कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत अप्पू गार्डन के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक्टिवा सवार दो युवतियां घायल हो गईं। हादसे के बाद भाग रहे कार चालक ने एक बाइक सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया और मौके से फरार हो गया। घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

घायल युवतियों की पहचान पूजा कंवर और किरण वैष्णव के रूप में हुई है। दोनों किसी निजी कार्य से एक्टिवा पर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवतियां सड़क पर गिर पड़ीं और एक्टिवा क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद कार चालक बिना रुके मौके से भाग निकला।

फरार होने के दौरान उसने सामने से आ रहे एक बाइक सवार को भी टक्कर मार दी। हालांकि बाइक सवार को मामूली चोटें आईं और वह गंभीर हादसे से बच गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 और सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी। घायल पूजा कंवर और किरण वैष्णो को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

फुटेज के आधार पर फरार कार और उसके चालक की तलाश की जा रही है।