एकतरफा प्यार में युवती के पिता पर फायरिंग, हथियार सप्लायर सहित आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। बालकोनगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामला 19 फरवरी का है, जब एकतरफा प्यार में युवक ने युवती का पीछा करते हुए उसके घर पहुंचकर पिता पर देशी कट्टे से हमला कर दिया था।

जानकारी के अनुसार दोंदरो संगमनगर क्षेत्र में घटना की रात आरोपी साहिल युवती के घर पहुंचा, जहां उसकी युवती के पिता से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर साहिल ने देसी कट्टा निकालकर फायरिंग कर दी। हालांकि गोली निशाने पर नहीं लगी और युवती के पिता बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी कट्टा लहराते हुए फरार हो गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ घंटों के भीतर साहिल को गिरफ्तार कर उसके पास से देसी कट्टा और कारतूस बरामद कर लिया था। मामले में फरार चल रहे उसके सहयोगी विवेक राजपूत को भी पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि विवेक राजपूत ने ही साहिल को देशी कट्टा उपलब्ध कराया था। जांच में यह भी सामने आया है कि साहिल पूर्व में कई गंभीर वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।