सीबीएसई 12 वीं में 97.60 प्रतिशत अंको के साथ जिले की टॉपर बनी दिशा महराज

कोरबा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी की छात्रा दिशा महराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में टॉप किया है। कॉमर्स संकाय की छात्रा दिशा ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया।

इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य एसके साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि विद्यालय ने उत्कृष्ट सफलता अर्जित की है।

विद्यालय के विज्ञान संकाय में श्रेया साहू ने 92.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा भावना साहू ने 90.80 प्रतिशत तथा नित्या पिल्लई ने 88 प्रतिशत अंक अर्जित किए। वहीं कॉमर्स संकाय में दिशा महराज के बाद नीलाक्षी ने 93.60 प्रतिशत और मेहुल अग्रवाल ने 85.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।