बालको के ‘क्वालिटी संकल्प’ अभियान के एक वर्ष पूर्ण, गुणवत्ता उत्पादन में मिली नई ऊंचाई

कोरबा। भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड ने ‘क्वालिटी संकल्प’ अभियान के सफल 12 महीने पूरे कर लिए हैं। यह पहल कंपनी के सभी उत्पादों में ‘जीरो डिफेक्ट’ गुणवत्ता सुनिश्चित करने और कर्मचारियों में गुणवत्ता-केंद्रित कार्य संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से शुरू की गई थी।

कंपनी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार उत्पादन के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। पिछले एक वर्ष के दौरान ‘क्वालिटी संकल्प’ के तहत व्यक्तिगत जिम्मेदारी, त्रुटि रोकथाम, मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के पालन, दोषों की रोकथाम, मूल कारणों की पहचान, लीन प्रबंधन तथा डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया पर विशेष फोकस किया गया। इस अभियान में 3000 से अधिक कर्मचारी एवं व्यावसायिक साझेदार शामिल हुए।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि गुणवत्ता कंपनी की कार्य संस्कृति का मूल आधार है। ‘क्वालिटी संकल्प’ संगठन के सामूहिक प्रयासों का प्रतीक है, जो रोजमर्रा के कार्यों और निर्णयों में गुणवत्ता को प्राथमिकता देने की सोच को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय विनिर्माण की दिशा में आगे बढ़ते हुए ग्राहकों का विश्वास बनाए रखना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कंपनी ने बताया कि गुणवत्ता संस्कृति को मजबूत करने के लिए वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनमें ‘क्वालिटी नॉलेज बाइट्स’, वर्ल्ड क्वालिटी वीक तथा स्टैंडर्ड कार्निवल जैसे आयोजन शामिल हैं। साथ ही डिजिटल तकनीक को बढ़ावा देने के लिए ‘क्वालिटी संकल्प ऐप’ भी शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से कर्मचारी उत्पादन स्थल पर गुणवत्ता मानकों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग कर सुधारात्मक कार्यों को रिकॉर्ड कर सकते हैं।

प्रचालन दक्षता बढ़ाने के लिए बालको ने अपनी प्रयोगशालाओं और उत्पादन प्रक्रियाओं में डिजिटलीकरण को बढ़ावा दिया है।

कोल लैब के 100 प्रतिशत डिजिटलीकरण से डेटा रिकॉर्डिंग और निगरानी की प्रक्रिया अधिक तेज और प्रभावी हुई है।

गुणवत्ता और उत्कृष्टता के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को एएसआई, बीआईएस, आईएसओ, आईएटीएफ और एनएबीएल जैसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रमाणपत्रों से भी मान्यता मिली है।