विश्वसनीय पत्रकारिता समय की जरूरत, नैरेटिव सबसे बड़ी चुनौती : आर कृष्णा दास

कोरबा। कोरबा प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सलाहकार आर कृष्णा दास ने पत्रकारिता, बदलते मीडिया परिवेश और नक्सलवाद जैसे विषयों पर खुलकर अपनी बात रखी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में विश्वसनीय पत्रकारिता की सबसे अधिक जरूरत है और नैरेटिव आधारित पत्रकारिता बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है।

आर कृष्णा दास ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में पत्रकारिता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उस समय समाचार पत्र केवल खबरों तक सीमित नहीं थे, बल्कि जनजागरण और आंदोलनों का माध्यम भी बने। ब्रिटिश शासन के दौरान पत्रकारों ने निर्भीक होकर सच को सामने रखा और जनता की आवाज बने।

उन्होंने कहा कि आज प्रिंट मीडिया कई चुनौतियों से गुजर रहा है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया और ई-पोर्टल्स के बढ़ते प्रभाव के कारण पारंपरिक समाचार पत्रों के सामने अस्तित्व और विश्वसनीयता बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।

उन्होंने पत्रकारिता में नैरेटिव आधारित सोच पर चिंता जताते हुए कहा कि आज समाज में पहले से धारणा तय कर दी जाती है और उसी नजरिए से खबरों को देखने और प्रस्तुत करने का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे समय में निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता की आवश्यकता और बढ़ जाती है।