चोढ़ा और चुइया में लगे सुशासन शिविर, सैकड़ों आवेदनों का हुआ निराकरण

कोरबा। सुशासन तिहार की श्रृंखला में मंगलवार को कोरबा ब्लॉक के चुइया और पाली ब्लॉक के चोढ़ा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

ग्राम पंचायत चोढ़ा में शिविर का शुभारंभ कटघोरा विधायक प्रेमचंद्र पटेल ने किया। विशेष अतिथि के रूप में जनपद पंचायत पाली की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा शोभा सिंह जगत, जनपद सदस्य श्रीमती अंजली कौशल श्रीवास और श्रीमती गंगोत्री चंद्रपाल मरार उपस्थित रहीं।

इसी प्रकार चुइया शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती बीजमती राठिया, श्रीमती कौशल्या देवी, हरिशंकर यादव, श्रीमती कुंती चंद्रा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

शिविर में चोढ़ा में 153 तथा चुइया में 370 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। चोढ़ा क्लस्टर में चोढ़ा, मुरली, बोईदा, अण्डीकछार, रामपुर, सिरली, कसियाडीह, उतरदा और नेवसा ग्राम पंचायतें शामिल रहीं।

शिविर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में चल रहे सुशासन तिहार की सराहना करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह कार्यक्रम आमजन की समस्याओं को त्वरित समाधान देने का प्रभावी माध्यम साबित हो रहा है।