नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती, एल्कोमीटर से जांच; 554 मामले दर्ज, 234 लाइसेंस सस्पेंड

कोरबा। सुरक्षित आवागमन और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कोरबा पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस की टीम ने हाईवे और स्टेट हाईवे पर एल्कोमीटर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच अभियान चलाया।

निर्धारित मानक से अधिक शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई तथा कई वाहनों को जब्त भी किया गया।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 के जनवरी माह से अब तक जिले में शराब पीकर वाहन चलाने के 554 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 234 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं, जबकि शेष मामलों की फाइल ट्रांसपोर्ट विभाग को भेज दी गई है।

पुलिस का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।