सुआपहाड़ जंगल में पेड़ से लटका मिला मान सिंह का कंकाल,मार्च से था लापता,पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

कोरबा। रजगामार चौकी क्षेत्र अंतर्गत दरगा गांव से लगे सुआपहाड़ जंगल में बुधवार को एक नर कंकाल पेड़ पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान दरगा निवासी 45 वर्षीय मान सिंह के रूप में हुई है, जो होली के बाद मार्च माह से लापता था। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही रजगामार चौकी में दर्ज कराई गई थी।

जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने घने जंगल के भीतर एक पेड़ पर लुंगी के सहारे कंकाल लटका देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रजगामार चौकी प्रभारी विनोद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

परिजनों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिन्होंने कपड़ों और पास में पड़े सामान के आधार पर मृतक की पहचान मान सिंह के रूप में की।

बताया गया कि कंकाल पहाड़ी क्षेत्र में करीब 25 किलोमीटर अंदर घने जंगल में मिला। मान सिंह खेती-किसानी का काम करता था और परिवार के साथ रहता था। होली के बाद अचानक उसके लापता होने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में काफी तलाश की थी। कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

पुलिस ने कंकाल को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। चौकी प्रभारी विनोद सिंह के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि मान सिंह शांत और मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था तथा उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। अचानक लापता होने और अब कंकाल मिलने से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।