कोरबा। रामपुर बस्ती में शराब दुकान के बाहर शुक्रवार रात दो गुटों के बीच हुई मारपीट में बीच-बचाव करने गए एक युवक का जबड़ा टूट गया। घटना में 7-8 लोगों ने युवक पर ईंट-पत्थर से हमला किया। घायल युवक को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है।
सिविल लाइन थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित करण बरेठ (27 वर्ष) मारुति एजेंसी में काम करता है। वह रात करीब 9:40 बजे ड्यूटी से घर लौट रहा था, तभी रामपुर भट्टी के सामने तुलसीराम चौहान और रमेश एक्का को लड़ते देखा। रमेश के बुलाने पर करण बीच-बचाव करने पहुंचा।
इसी दौरान तुलसीराम के दोस्त बंटी चौहान, शुभम चौहान और 7-8 अन्य साथी कार-बाइक से पहुंचे और करण व रमेश पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने ईंट-पत्थर से करण के जबड़े पर वार किया, जिससे उसका जबड़ा टूट गया।
हमलावरों ने करण को वहीं छोड़कर रमेश एक्का को गाड़ी में बिठाकर ढेंगुरनाला पुल की ओर ले गए।
करण के पिता राजेश बरेठ ने मौके पर पहुंचकर बेटे को खून से लथपथ हालत में पाया। पीड़ित को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
राजेश बरेठ की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने बंटी चौहान, शुभम चौहान और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
