कोरबा।वार्ड क्रमांक 19 पथरीपारा निवासी 60 वर्षीय जीवराखन विश्वकर्मा ने अपने नाती-नातिन को निशुल्क शिक्षा दिलाने के लिए प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
वे अपने 8 वर्षीय नाती उमाशंकर विश्वकर्मा और 7 वर्षीय नातिन सृष्टि विश्वकर्मा को लेकर सुशासन शिविर पहुंचे थे।
बुजुर्ग ने अधिकारियों को बताया कि करीब पांच वर्ष पहले उनके पुत्र का निधन हो गया था। इसके बाद पुत्रवधू मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं, लेकिन एक सप्ताह पूर्व उनकी भी मृत्यु हो गई। लगातार हुए इन पारिवारिक हादसों के बाद दोनों बच्चों की जिम्मेदारी पूरी तरह उन पर आ गई है।
उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण बच्चों की पढ़ाई और पालन-पोषण का खर्च उठाना उनके लिए संभव नहीं है। ऐसे में उन्होंने शासन से बच्चों को निशुल्क शिक्षा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने बुजुर्ग से आवेदन प्राप्त किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन स्तर पर जो भी संभव सहायता होगी, वह परिवार को उपलब्ध कराई जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
