ईंधन बचत के लिए पेट्रोल पंपों पर जागरूकता जरूरी : रफीक मेमन

कोरबा। टैक्स सलाहकार मोहम्मद रफीक मेमन ने वैश्विक परिस्थितियों और बढ़ती ईंधन खपत के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपील का स्वागत करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव केंद्र सरकार को भेजे हैं।

रफीक मेमन ने सुझाव दिया है कि 200 रुपये से अधिक के पेट्रोल-डीजल की खरीद पर आगामी छह माह तक डिजिटल भुगतान अनिवार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रहित से जुड़े जागरूकता संदेश लगाए जाने चाहिए, ताकि आमजन में जिम्मेदार व्यवहार को बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने मंत्रियों एवं वीआईपी काफिलों में वाहनों की संख्या सीमित करने, अनावश्यक विदेशी यात्राओं में स्वैच्छिक संयम अपनाने और सरकारी योजनाओं में अपात्र लाभार्थियों की प्रभावी जांच अभियान चलाने की भी मांग की।

रफीक मेमन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति वार्ता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि भारत की ओर से अमेरिका और इज़राइल के शीर्ष नेतृत्व को संवाद और शांति का संदेश भेजा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैश्विक शांति और आर्थिक स्थिरता के लिए युद्ध की बजाय वार्ता का रास्ता अपनाना समय की जरूरत है।