कोरबा-दीपका।पाली रोड दीपका स्थित लगभग 36 वर्ष पुराने विश्वकर्मा मंदिर को नगर पालिका परिषद दीपका द्वारा अवैध कब्जा बताते हुए कार्रवाई का संकेत दिए जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है।
दीपका निवासी रामप्रवेश शर्मा ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि विश्वकर्मा मंदिर पिछले कई दशकों से क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और जनसहभागिता का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां नियमित पूजा-पाठ, धार्मिक अनुष्ठान और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं।
रामप्रवेश शर्मा ने आरोप लगाया कि बिना उचित जांच, सीमांकन और वैधानिक प्रक्रिया अपनाए मंदिर को अवैध कब्जा घोषित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि मंदिर का सही सीमांकन कराया जाए और जिन लोगों के कहने पर नोटिस जारी किया गया है, उनके विरुद्ध भी उचित कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान है और इसे अवैध बताना जनभावनाओं के विरुद्ध है। नगर पालिका के रवैये से लोग नाराज हैं और प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप की अपील कर रहे हैं।


Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
