कोरबा।राज्य सरकार के निर्देश पर नगर निगम के कोसाबाड़ी जोन कार्यालय परिसर में बुधवार को सुशासन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ उठाया। लोगों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने अल्प समय में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन और जनता के बीच संवाद मजबूत हुआ है।
कोहड़िया क्षेत्र के पार्षद नरेंद्र देवांगन ने कहा कि शिविरों में लोगों की शिकायतों का त्वरित निराकरण हो रहा है। उन्होंने उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के नेतृत्व में शहर में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।
मेयर इन काउंसिल सदस्य हितानंद अग्रवाल ने कहा कि सुशासन शिविर अब समस्यामुक्ति केंद्र का स्वरूप ले चुके हैं, जहां लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने कोसाबाड़ी जोन की विकास उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि जोन के 12 वार्डों में वर्ष 2023 से अब तक 85 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से 169 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 78 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 66 कार्य प्रगतिरत हैं तथा 32 कार्य निविदा और कार्यादेश की प्रक्रिया में हैं।
उन्होंने बताया कि कोरबा को स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में पार्षदगण, निगम अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
