जनदर्शन में 111 आवेदनों का हुआ निराकरण

कोरबा। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में सोमवार को आम नागरिकों की विभिन्न समस्याओं से जुड़े 111 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जनदर्शन में उपस्थित होकर आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनदर्शन में मनमाने बिजली बिल, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि सीमांकन, पट्टा सहित विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए गए। ग्राम रंगबेल, जपेली और तुमान से पहुंचे ग्रामीणों ने शौचालय निर्माण एवं भुगतान से संबंधित समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

कुछ आवेदकों ने सीमित पूंजी में रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता की मांग भी की। वहीं एक मामले में सरकारी भूमि से बेजा कब्जा हटाने की शिकायत की गई।

इसके अलावा कुछ स्कूलों में अंशकालिक सफाई कर्मचारियों के लंबित भुगतान का मुद्दा भी जनदर्शन में उठाया गया।

कलेक्टर ने संबंधित मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को सफाई कर्मचारियों के भुगतान से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासन ने सभी आवेदनों के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया।