अवैध पार्किंग पर शिकंजा, क्रेन से हटाई जा रही गाड़ियां

कोरबा।शहर में बढ़ती वाहनों की संख्या और अवैध पार्किंग की समस्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। अब क्रेन की मदद से अवैध पार्किंग पर सीधी कार्रवाई की जा रही है।

एएसपी लखन पटले व नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस की टीम घंटाघर क्षेत्र, ट्रांसपोर्ट नगर, पुराना बस स्टैंड, सीएसईबी चौक, मुख्य बाजारों और व्यस्त चौक-चौराहों पर लगातार क्रेन पेट्रोलिंग कर रही है।

सड़क किनारे और नो-पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियों को क्रेन से उठाया जा रहा है। साथ ही वाहन चालकों को समझाइश दी जा रही है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध पार्किंग से न केवल यातायात जाम होता है, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। शाम के समय बाजार क्षेत्रों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों से अपील की गई है कि वे पार्किंग के नियमों का पालन करें, ताकि शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनी रहे।