ट्रांसपोर्टर के घर से नगदी और दस्तावेज चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

कोरबा। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी रामपुर में चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक चोर ने ट्रांसपोर्टर के घर की खिड़की से हाथ डालकर नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार रामजी असाटी के घर में आरोपी ने पहले कुछ देर तक मौका तलाशा और फिर खिड़की के जरिए अंदर रखे पर्स और कपड़ों से करीब 5 हजार रुपए नकद पार कर दिए। चोर पर्स में रखे आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज भी ले गया।

पीड़ित रामजी असाटी ने बताया कि संदिग्ध युवक पिछले दो दिनों से घर के आसपास घूमते हुए दिखाई दे रहा था।

सीसीटीवी फुटेज में वह रेकी करते नजर आया। तीसरे दिन मौका मिलते ही उसने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।

मामले की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।