कोहड़िया नाला के पास खून से लथपथ मिला युवक का शव, हत्या की आशंका,पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। कोहड़िया नाला के पास खून से लथपथ एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह नवा बरपारा कोहड़िया क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों के बीच युवक का शव पड़ा मिला। घटनास्थल पर खून के धब्बे और शव घसीटे जाने के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने मृतक की पहचान बसंत पटेल (37) के रूप में की है। वह मूल रूप से सोनसरी गांव का निवासी था और पिछले तीन वर्षों से कोरबा के दुरपा सर्वमंगला बरमपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। वह इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत था।

परिजनों के अनुसार बसंत शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह उसकी हत्या की सूचना परिवार को मिली।

बताया जा रहा है कि वह दो दिन पहले ही अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होकर गांव से कोरबा लौटा था।

बसंत शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। उसकी पत्नी बरमपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका है और फिलहाल बच्चों के साथ गांव में मौजूद है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के कारणों तथा आरोपियों की तलाश में जांच तेज कर दी है।