भू-विस्थापितों की समस्याओं पर आज महापंचायत, रोजगार और जमीन वापसी पर होगी चर्चा

कोरबा।साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की परियोजनाओं के लिए जमीन देने वाले जिले के भू-विस्थापित लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं।

प्रभावित लोगों का कहना है कि उन्हें लगातार आश्वासन तो मिल रहा है, लेकिन समस्याओं का समाधान अब तक नहीं हो पाया है। इन्हीं मुद्दों को लेकर 10 मई को महापंचायत आयोजित की जाएगी।

जानकारी के अनुसार जेलपारा गेवरा में आयोजित होने वाली इस महापंचायत का आयोजन छत्तीसगढ़ किसान सभा द्वारा किया जा रहा है। बैठक में छोटे खातेदारों को रोजगार, लंबित रोजगार प्रकरणों के निराकरण, जमीन वापसी, पट्टा, बसावट और प्रभावित गांवों की मूलभूत समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।

महापंचायत में कोरबा, कुसमुंडा, गेवरा और दीपका क्षेत्र के 40 से अधिक गांवों के भू-विस्थापितों के शामिल होने की संभावना है।

किसान सभा और भू-विस्थापित संगठनों ने मांग की है कि छोटे खातेदारों को भी रोजगार का लाभ दिया जाए। साथ ही पुराने लंबित रोजगार मामलों का वन टाइम सेटलमेंट कर शीघ्र निराकरण किया जाए।

संगठनों ने यह भी मांग उठाई है कि जिन लोगों की जमीन अधिग्रहित की गई है, उन्हें बिना शर्त रोजगार उपलब्ध कराया जाए।