कानून की जानकारी न होने पर हड़प ली जमीन,किसान सभा ने निकाली रैली, प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग

कोरबा। भैसमा तहसील अंतर्गत ग्राम पतरापाली में आदिवासी किसानों की पैतृक जमीन बेनामी तरीके से हड़पने के प्रयासों के खिलाफ किसान सभा ने जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने रैली निकालकर प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोग भूमि कानूनों की जानकारी न होने का फायदा उठाकर उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने से बाहरी लोग गांव पहुंचकर पंजीयन दस्तावेज दिखाते हुए जमीन खाली करने का दबाव बना रहे हैं और बेदखली की धमकी दे रहे हैं।

मामला तब और गंभीर हो गया जब एक गैर-आदिवासी व्यक्ति ने सगे भाइयों मंगल सिंह और भूखन लाल की जमीन पर कब्जा कर घेरा डाल दिया। किसानों का कहना है कि वे पीढ़ियों से इस जमीन पर खेती करते आ रहे हैं, लेकिन बाहरी लोगों का दावा 1990 का बताया जा रहा है।

किसान सभा ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो तीव्र आंदोलन किया जाएगा।

यह मामला आदिवासी क्षेत्रों में जमीन हड़पने की बढ़ती घटनाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर रहा है।