कोरबा। कोरबा-पश्चिम कुसमुंडा क्षेत्र के एसईसीएल सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ लिपिक मनोहर लाल कौशिक को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी लिपिक एक खदान कर्मी से उसके पांच लाख रुपये के पीएफ निकासी के काम के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था। परेशान कर्मी ने सीबीआई से शिकायत की, जिसके बाद भिलाई से पहुंची सीबीआई टीम ने रविवार सुबह कुसमुंडा में जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार,खदान कर्मी पीएफ राशि निकालने के लिए लिपिक मनोहर लाल कौशिक के पास पहुंचा था।
आरोपी ने फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर कर्मी को कई बार दफ्तर के चक्कर लगवाए और अंत में रिश्वत की मांग की। सीबीआई ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ट्रैप लगाया।
रविवार होने के कारण दफ्तर बंद था, इसलिए आरोपी ने कर्मी को कहीं और बुलाकर रिश्वत ली, जहां सीबीआई टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
सीबीआई अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस घटना से एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र के कार्यालय में हड़कंप मच गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
