मैकेनाइज्ड व मैनुअल सिस्टम से होगी शहर की सफाई,अंडरग्राउंड होंगे बिजली केबल : कलेक्टर कुणाल दुदावत

कोरबा। जिलाधीश कुणाल दुदावत ने कहा कि कोरबा शहरी क्षेत्र के लगातार बढ़ते दायरे को देखते हुए सफाई व्यवस्था को अब आधुनिक और प्रभावी बनाया जाएगा। मैकेनाइज्ड और मैनुअल सिस्टम को मिलाकर यूनिफाइड स्वीपिंग सिस्टम लागू किया जाएगा, ताकि शहर की साफ-सफाई बेहतर और परिणामकारी हो सके।

शनिवार को प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत करते हुए कलेक्टर ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहर में सफाई की पुरानी व्यवस्था को अपग्रेड करने की जरूरत है। विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाले अपशिष्ट प्रबंधन और रिसाइक्लिंग के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है।

कलेक्टर ने बताया कि सीएसईबी की जमीन प्राप्त हो गई है, जहां जल्द ही एल्युमिनियम पार्क का निर्माण शुरू किया जाएगा। साथ ही पावर हब कोरबा में बिजली केबल को अंडरग्राउंड करने का काम भी जल्द शुरू होगा, जिससे अंधड़ और बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या समाप्त हो जाएगी।

प्रदूषण नियंत्रण और यातायात पर जोर
जिलाधीश ने प्रदूषण को बड़ी समस्या बताते हुए सघन वनीकरण सहित अन्य ठोस उपायों पर काम करने की बात कही। उन्होंने ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए कोसाबाड़ी से दर्री और रिस्दी क्षेत्रों में सड़कों को फोरलेन बनाने का विचार भी व्यक्त किया।

प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।

कलेक्टर के इन घोषणाओं से शहरवासियों को बेहतर सफाई, सुधरी हुई बिजली व्यवस्था और यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।