मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ड्रेसिंग स्टाफ गायब,मरीज ने खुद कराई ड्रेसिंग,अव्यवस्था पर उठे सवाल

कोरबा। रामपुर निवासी एक पीडि़त को यहां के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में अपनी चोट के मामले में अपने स्तर पर ड्रेसिंग की व्यवस्था की। यह सब इसलिए करना पड़ा क्योंकि मौके पर ड्रेसिंग स्टाफ नहीं था।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी हुकुम कुमार का कुछ दिन पहले जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन हुआ था।

ऑपरेशन के टांके खुलने के बाद दर्द बढऩे पर वह अपने दोस्त चंदन कुमार के साथ अस्पताल पहुंचे। दोनों ने पहले पर्ची कटवाई और डॉक्टर को दिखाया। डॉक्टर ने ड्रेसिंग कराने की सलाह दी, जिसके बाद वे ड्रेसिंग रूम पहुंचे।

हुकुम कुमार का आरोप है कि ड्रेसिंग रूम में काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। दर्द अधिक होने के कारण उनके दोस्त चंदन कुमार ने ड्रेसिंग कक्ष में रखी दवाइयों से ऑपरेशन वाली जगह पर खुद ड्रेसिंग कर दी।

चंदन का कहना है कि वह स्टाफ को खोजने के लिए पर्ची लेकर इधर-उधर घूमते रहे, लेकिन कोई नहीं मिला। मजबूरी में उन्होंने खुद ही ड्रेसिंग की और उसका वीडियो बनाया।


प्रबंधन ने माना- नहीं था कोई कर्मी
मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सह अधीक्षक रविकांत जाटवर ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी। रविकांत जाटवर ने बताया कि वीडियो के आधार पर जांच की गई है। उनके मुताबिक, वीडियो में मरीज का भाई/दोस्त खुद ड्रेसिंग करते दिखाई दे रहा है।

उन्होंने दावा किया कि उस समय ड्रेसिंग रूम में कर्मचारी मौजूद था और उसने मरीज के दोस्त को ऐसा करने से मना भी किया था, लेकिन इसके बावजूद उसने खुद ड्रेसिंग कर दी। अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।