विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, गुणवत्ता से समझौता नहीं

कोरबा। केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि निगम क्षेत्र में स्वीकृत विकास कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। यदि कोई निर्माण एजेंसी बीच में काम रोकती है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नगर निगम सभागार में दर्री जोन एवं सर्वमंगला जोन के 20 वार्डों की समीक्षा बैठक में मंत्री देवांगन ने यह बात कही।

बैठक में बताया गया कि दोनों जोनों में कुल 166 विकास कार्य स्वीकृत हैं। इनमें दर्री जोन के 112 कार्यों में 45 पूर्ण, 45 प्रगतिरत और 22 अप्रारंभ हैं। वहीं सर्वमंगला जोन के 54 कार्यों में 28 पूर्ण, 14 प्रगतिरत और 12 अप्रारंभ हैं।

मंत्री ने निर्देश दिए कि कार्य शुरू न करने वाली एजेंसियों को नोटिस जारी किया जाए। यदि फिर भी कार्य प्रारंभ नहीं होता तो उनकी अमानत जब्त कर ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए।

बैठक में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, विभिन्न वार्डों के पार्षद, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

मंत्री ने पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्षदों से भी अपने-अपने क्षेत्र की जरूरी कार्यों की सूची उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में विकास कार्यों को गति देने और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।