कोयले से भरा ट्रेलर पलटा बाइक पर,दादी की मौत, दो पोते घायल

कोरबा। कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत लैंगा-जटगा मुख्य मार्ग पर एक भयानक दुर्घटना हो गई। कोयले से भरा ट्रेलर अनियंत्रित होकर बाइक पर पलट गया।

इस हादसे में बाइक सवार एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो पोते गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतका की पहचान बालकुंवर (62 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पसान के ग्राम धनरास की निवासी थीं। वह अपने दो पोतों के साथ इलाज कराकर बाइक से घर लौट रही थीं। घाटी वाले मोड़ पर पीछे से आ रहे ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर पलटते ही तीनों लोग कोयले के ढेर में दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की और घायलों को बाहर निकाला। बालकुंवर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। दोनों पोतों को चोटें आई हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है।

हादसे के बाद सड़क पर बिखरे कोयले को दूसरे वाहन की मदद से हटाकर यातायात बहाल किया गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लैंगा-जटगा मार्ग की घाटी में भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति पर सख्त नियंत्रण और सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।