कोरबा।भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा शासकीय ई.वी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोरबा में “लू प्रबंधन एवं बचाव” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गर्मी के मौसम में आवश्यक सावधानियों और प्राथमिक उपचार की जानकारी देना था।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को बताया कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सी सतर्कता गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा सकती है। विद्यार्थियों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, तेज धूप में बाहर निकलते समय सिर ढंककर रखने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा शरीर को हाइड्रेट बनाए रखने की सलाह दी गई।
साथ ही लू लगने की स्थिति में प्राथमिक उपचार और तत्काल अपनाए जाने वाले आवश्यक उपायों की जानकारी भी सरल एवं व्यावहारिक तरीके से दी गई। रेड क्रॉस सोसायटी के सदस्यों ने “लू प्रबंधन एवं बचाव” विषय से संबंधित टेम्पलेट और पंपलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए यह संकल्प लिया कि वे स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी गर्मी और लू से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे।
महाविद्यालय प्रबंधन ने रेड क्रॉस सोसायटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, जागरूकता और संवेदनशीलता का विकास करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी से अपील की गई कि गर्मी के मौसम में सावधानी बरतें और दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
