कोरबा। करतला वन मंडल अंतर्गत पिडिया गांव के समीप जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए दो ग्रामीणों पर शुक्रवार दोपहर दो भालुओं ने हमला कर दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की तत्परता से भालुओं को जंगल की ओर खदेड़ा गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान पिडिया निवासी कन्हैयालाल राठिया (45 वर्ष) और किरण (15 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों को ग्रामीणों की सहायता से निजी वाहन के जरिए जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायल कन्हैयालाल ने बताया कि वे जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ रहे थे, तभी अचानक दो बड़े भालुओं ने हमला कर दिया। उनके शोर मचाने पर एक भालू भाग गया, लेकिन दूसरा भालू पास में तेंदूपत्ता तोड़ रही किरण पर टूट पड़ा। आसपास मौजूद ग्रामीण आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और भालू को जंगल की ओर खदेड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार तेंदूपत्ता संग्रहण शुरू होने के दूसरे ही दिन यह घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन समय पर वाहन नहीं पहुंच सका। इसके बाद घायलों को पहले निजी वाहन से ले जाया गया और बाद में एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
वन विभाग ने मामले में घायलों के उपचार का पूरा खर्च वहन करने की बात कही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
