अतिक्रमण नोटिस पर लोगों ने जताई आपत्ति,परीक्षण के बाद होगी अगली कार्रवाई

कोरबा। दीपका नगर पालिका परिषद क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के मामले में जारी नोटिसों पर अब विवाद गहराने लगा है। नोटिस प्राप्त करने वाले कुछ लोगों ने नगर पालिका को जवाब सौंपते हुए संबंधित जमीन को सरकारी नहीं बल्कि निजी भूमि बताया है। मामले में अब तकनीकी परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार पिछले महीने पार्षद अविनाश सिंह ने एक क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण किए जाने की शिकायत कलेक्टर से की थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए नगर पालिका प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद नगर पालिका द्वारा पूर्व अध्यक्ष संतोषी दीवान, महिंदर सिंह सहित कई लोगों को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया था।

नगर पालिका सीएमओ राजेश गुप्ता ने बताया कि कुछ पक्षों द्वारा जवाब प्रस्तुत किया गया है, जिसमें संबंधित जमीन को निजी संपत्ति बताते हुए अतिक्रमण की कार्रवाई पर आपत्ति जताई गई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका इन मामलों का तकनीकी आधार पर परीक्षण कराएगी और उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीएमओ ने यह भी बताया कि वर्तमान में जनगणना कार्य चलने के कारण अधिकांश कर्मचारी उसमें व्यस्त हैं।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए अतिरिक्त मैनपावर और सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता होगी, क्योंकि मामला कानून-व्यवस्था से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में प्रशासन सभी पहलुओं का परीक्षण करने के बाद अगला कदम उठाएगा।