कोरबा। स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और लोगों को योग एवं ध्यान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सीनियर क्लब, सीएसपीजीसीएल कोरबा (पूर्व) के तत्वावधान में सात दिवसीय निःशुल्क योग-ध्यान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 11 मई से 17 मई 2026 तक प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से 7:30 बजे तक सीनियर क्लब परिसर में आयोजित होगा।
आयोजन समिति के अनुसार शिविर का संचालन गुरुकुल योग एवं एक्यूप्रेशर संस्थान, कोरबा के योगाचार्य डॉ. डी.के. आनंद द्वारा किया जाएगा। शिविर पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, जिसमें महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों सहित सभी आयु वर्ग के नागरिक भाग ले सकेंगे।
योगाचार्य डॉ. आनंद ने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ते मानसिक तनाव, अनियमित जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण योग एवं ध्यान की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है। योग एवं ध्यान के माध्यम से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, अनिद्रा और मानसिक तनाव जैसी समस्याओं में भी लाभ मिलता है।
सात दिवसीय शिविर में प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान, सूक्ष्म व्यायाम, प्राकृतिक स्वास्थ्य पद्धति और दैनिक जीवन में स्वस्थ रहने के सरल उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षक द्वारा ऐसे आसान योग अभ्यास सिखाए जाएंगे, जिन्हें लोग अपने दैनिक जीवन में सहज रूप से अपनाकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
आयोजकों के अनुसार शिविर में सीएसपीजीसीएल के अधिकारी, इंजीनियर, कर्मचारी एवं उनके परिवारजनों के साथ शहर और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता होने की संभावना है। नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर का लाभ लेने की अपील की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
