सड़क पर गमला रखकर पार्किंग स्थल पर अतिक्रमण, अधिवक्ता ने आयुक्त से की शिकायत

कोरबा। कोरबा शहर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में सार्वजनिक सुविधाओं की पूरी तरह अनदेखी हो रही है। वार्ड क्रमांक 15 स्थित एसबीआई बैंक के सामने बने सार्वजनिक पार्किंग स्थल पर खुलेआम अतिक्रमण किया जा रहा है। कुछ दुकानदारों ने न केवल पार्किंग क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है, बल्कि सड़क पर गमले रखकर यातायात को भी प्रभावित कर दिया है।

अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने इस गंभीर समस्या को लेकर नगर पालिक निगम आयुक्त को लिखित शिकायत सौंपी है।

उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थल पर अवैध कब्जे और सड़क पर गमले रखे जाने से आम नागरिकों व वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ दुकानदार अपनी दुकान की सीमा लांघकर सड़क और पार्किंग स्थल दोनों पर अतिक्रमण कर रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग पूरी तरह मूकदर्शक बना हुआ है।

अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने मांग की है कि नगर पालिक निगम तुरंत अतिक्रमण हटाकर पार्किंग स्थल को मुक्त कराए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

यह मामला कोरबा शहर में बढ़ते अतिक्रमण और प्रशासनिक लापरवाही का स्पष्ट उदाहरण बन गया है।