बंजारी से चोटिया मार्ग का कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण, अंधे मोड़ों पर होंगे विशेष सुरक्षा इंतजाम
कोरबा जिले में नेशनल हाईवे-130 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन अब ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय मजबूत करने जा रहा है। कटघोरा से चोटिया मार्ग के बीच दुर्घटना संभावित स्थलों पर रंबल ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और रोड स्टड लगाए जाएंगे।
कुणाल दुदावत और सिद्धार्थ तिवारी ने हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना में तकनीकी निदेशक की मौत के बाद ग्राम बंजारी, मड़ई मोड़, लमना से लेकर चोटिया तक सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से अंधे मोड़ों और घाट क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने तय किया है कि खतरनाक मोड़ों से 25 से 50 मीटर पहले रंबल स्ट्रिप लगाई जाएगी, ताकि वाहन चालक पहले से सतर्क हो सकें। इसके अलावा घाट और अंधे मोड़ों पर सोलर स्टड, कैट आई, रोड स्टड, रिफ्लेक्टर और रेडियम लगाए जाएंगे। ग्रामीण सड़कों के मुख्य मार्ग से जुड़ने वाले स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा को पुलिस, परिवहन विभाग, पीडब्ल्यूडी और नेशनल हाईवे प्राधिकरण की संयुक्त टीम बनाकर रात्रिकालीन निरीक्षण करने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान तन्मय खन्ना, मनोज कुमार, सुमन मानिकपुरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
