कोरबा। फ्लाई ऐश अब ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक की कोनकोना पंचायत अंतर्गत घोघरा गांव में फ्लाई ऐश उड़ने से ग्रामीणों का जन स्वास्थ्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
नेशनल हाईवे-130 निर्माण करने वाली भोपाल की दिलीप बिल्डकॉन कंपनी ने गांव में मुरूम व अन्य गौण खनिज निकालने के बाद बने गहरे गड्ढों को भरने के लिए NTPC के फ्लाई ऐश पॉन्ड से राख मंगाकर डंप कर दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि नियमानुसार फ्लाई ऐश के ऊपर मिट्टी की परत बिछानी चाहिए थी और नियमित पानी का छिड़काव करना था, लेकिन इस दिशा में पूरी लापरवाही बरती गई।
परिणामस्वरूप गर्मी और हवा में बड़ी मात्रा में फ्लाई ऐश उड़कर पूरे इलाके में फैल रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे आंखों में जलन, खांसी, सांस लेने में तकलीफ और त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ गई हैं। खेतों और पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत करते हुए ठेकेदार कंपनी और संबंधित प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही फ्लाई ऐश पर तुरंत मिट्टी डालने और नियमित पानी छिड़काव कराने की मांग भी की है।
यह मामला फ्लाई ऐश डिस्पोजल में हो रही लापरवाही का स्पष्ट उदाहरण बन गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
