कोरबा जिले में महिलाओं को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करने और समय पर जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 8 मई को सभी स्वास्थ्य केंद्रों में नि:शुल्क कैंसर जांच एवं महिला स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम महिलाओं की स्वास्थ्य जांच करेगी। शिविर के दौरान ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की प्रारंभिक स्क्रीनिंग के साथ सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा।
इसके अलावा सिकलिंग, थैलेसिमिया, एनीमिया, रक्तचाप और मधुमेह की जांच भी नि:शुल्क की जाएगी। महिलाओं की अन्य शारीरिक समस्याओं और प्रजनन स्वास्थ्य से संबंधित परामर्श स्त्रीरोग विशेषज्ञों द्वारा दिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग कोरबा के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन समय पर जांच और सही उपचार से इस बीमारी को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले की महिलाओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर नि:शुल्क जांच शिविर का लाभ अवश्य लें और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
