गुंडा-बदमाशों की पुलिस ने लगाई परेड, अपराध छोड़ मुख्यधारा से जुड़ने की दी चेतावनी

हिस्ट्रीशीटर और निगरानी बदमाशों का रिकॉर्ड अपडेट, दोबारा अपराध पर सख्त कार्रवाई के संकेत

कोरबा।कोरबा पुलिस ने गुंडे-बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों पर सख्त नजर रखते हुए उन्हें अपराध छोड़कर समाज की मुख्यधारा में आने का संदेश दिया है।

जिले भर के हिस्ट्रीशीटर, निगरानी बदमाश और गुंडा बदमाशों को पुलिस ने आमंत्रित कर सामूहिक परेड लगाई।

परेड के दौरान सभी की डिटेल अपडेट की गई।

एडिशनल एसपी लखन पटले ने बदमाशों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपराध की राह छोड़ दें, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखें और सम्मानजनक जीवन जीएं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि थाना-चौकी स्तर पर सभी हिस्ट्रीशीटरों और निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखी जा रही है।

पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध पर अंकुश लगाना नहीं, बल्कि इन्हें अपराध की दुनिया से बाहर निकालकर समाज की मुख्यधारा में जोड़ना भी है।

कोरबा पुलिस द्वारा यह अभियान अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।